20 August 2026

ईमानदारी का दूसरा नाम ‘संजय’: मंदिर कर्मचारी ने यात्री को लौटाया खोया मोबाइल,

चमोली (न्यूज डेस्क Manthan): देवभूमि के तीर्थस्थलों में केवल भगवान के प्रति आस्था ही नहीं, बल्कि वहां के लोगों की ईमानदारी भी श्रद्धालुओं का दिल जीत रही है। ताजा मामला बदरीनाथ धाम से सामने आया है, जहां मंदिर समिति के एक कर्मचारी की नेकदिली ने एक महिला यात्री के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी।
भीड़ में गुम हो गया था कीमती फोन
मुंबई से दर्शन के लिए पहुंचीं श्रद्धालु संगीता पाल का कीमती सैमसंग मोबाइल मंदिर परिसर में भारी भीड़ के दौरान अचानक कहीं गिर गया था। काफी तलाश के बाद भी जब फोन नहीं मिला, तो वह काफी परेशान हो गईं। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी भीड़ में उनका मोबाइल कभी वापस मिल पाएगा।
इलेक्ट्रीशियन संजय भंडारी बने ‘देवदूत’
संगीता पाल के लिए मंदिर समिति के इलेक्ट्रीशियन संजय भंडारी किसी देवदूत से कम साबित नहीं हुए। ड्यूटी के दौरान संजय को परिसर में लावारिस हालत में फोन पड़ा मिला। उन्होंने बिना देर किए ईमानदारी का परिचय दिया और तत्काल इसकी सूचना चमोली पुलिस को दी।
कंट्रोल रूम में छलक आई खुशी
पुलिस कंट्रोल रूम में संजय भंडारी ने खुद अपने हाथों से संगीता पाल को उनका सुरक्षित मोबाइल सौंपा। अपना मोबाइल वापस पाकर महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने भावुक होते हुए संजय की नेकदिली और चमोली पुलिस की सक्रियता का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों और अन्य यात्रियों ने भी कर्मचारी के इस कृत्य की जमकर सराहना की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *