दिव्यांग क्रिकेटर्स के हौसले को मिला UPES का साथ: माउंटेन स्ट्राइकर ने जीता रोमांचक फाइनल, हर खिलाड़ी को ₹5100 का इनाम और रोजगार का भरोसा
देहरादून: यूपीईएस (UPES) विश्वविद्यालय ने एक बार फिर अपने सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए दिव्यांग क्रिकेटर्स को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक शानदार मंच प्रदान किया है। UPES द्वारा आयोजित दो दिवसीय दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक समापन हो गया है। इस प्रतियोगिता के बेहद उतार-चढ़ाव भरे फाइनल मुकाबले में ‘माउंटेन स्ट्राइकर’ ने ‘हिमालयन फाइटर’ को सुपर ओवर में हराकर चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

मैदान पर दिखा अद्भुत हौसला, दर्शक रह गए दंग
यूनाइटेड दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस टूर्नामेंट में दिव्यांग खिलाड़ियों का खेल और जज्बा वाकई देखने लायक था। शारीरिक चुनौतियों को मात देकर जब खिलाड़ियों ने मैदान पर चौके-छक्के बरसाए और शानदार फील्डिंग की, तो स्टेडियम में मौजूद सभी दर्शक दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए। हर एक गेंद के साथ मैच का रोमांच बढ़ता गया, जिसका फैसला अंत में सुपर ओवर के जरिए हुआ।

CEO डॉ. शरद मेहरा ने की बड़ी घोषणाएं: ₹5100 का नकद पुरस्कार और रोजगार के अवसर
खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन से प्रभावित होकर UPES के सीईओ (CEO) डॉ. शरद मेहरा ने सभी क्रिकेटर्स की जमकर तारीफ की। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के टूर्नामेंट लगातार आयोजित करता रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए टूर्नामेंट में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को 5100 रुपये की सम्मान राशि देने और UPES में उनके लिए रोजगार के अवसर प्रदान करने की बात कही।
विजेताओं को मिला सम्मान
टूर्नामेंट के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें UPES के पीवीसी (PVC) मनीष मदान, स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट से डॉ. अत्री नौटियाल और डॉ. अमरीश टोनी , लोकेंद्र शर्मा द्वारा विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
इन विभागों और सदस्यों का रहा सराहनीय सहयोग
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में UPES के सीएसआर (CSR), स्पोर्ट्स और एडमिन (ADMIN) डिपार्टमेंट का विशेष सहयोग रहा। टूर्नामेंट को सुचारू रूप से संपन्न कराने में लोकेंद्र शर्मा, मनीष दुबे, मोहित मियान , दानिश, शिवानी, अनंत प्रकाश मिश्रा, विक्की गैरोला, प्रशांत, अक्षय और हरजीत ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
