16 November 2026

विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आज बंद

विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आज 16 नवंबर 2026 को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद किए जा रहे हैं। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का भी विधिवत समापन हो जाएगा।
कपाट बंद होने से पहले 12 नवंबर से मंदिर में विशेष ‘पंच पूजाएं’ चल रही थीं। पहले दिन भगवान गणेश के कपाट बंद हुए, दूसरे दिन आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए गए, तीसरे दिन (14 नवंबर) वेद ऋचाओं का वाचन बंद हुआ और चौथे दिन (15 नवंबर) माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित कर गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण दिया गया।
आज अंतिम दिन मुख्य पुजारी (रावल) अमरनाथ नंबूदरी द्वारा माता लक्ष्मी को भगवान नारायण के साथ गर्भगृह में विराजमान कराया जाएगा। इससे पहले उद्धव जी और कुबेर जी की उत्सव मूर्तियों को गर्भगृह से बाहर लाया जाएगा। कपाट बंद होने से ठीक पहले भगवान बदरीविशाल को माणा गांव की महिलाओं द्वारा बुना गया ऊनी कंबल (घृत कंबल) ओढ़ाया जाता है, जिसके बाद अखंड ज्योति जलाकर मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे।
hhahh
इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं और मंदिर को कई क्विंटल गेंदा, गुलाब व कमल के फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। सेना के बैंड की धुनों और “जय बदरी विशाल” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज रहा है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अनुसार, वर्ष 2026 की यात्रा बेहद ऐतिहासिक रही है और इस सीजन में अकेले बदरीनाथ धाम में 22.70 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।
कपाट बंद होने के अगले दिन यानी कल 17 नवंबर को भगवान उद्धव जी और कुबेर जी की उत्सव डोलियां अपने शीतकालीन प्रवास स्थल पांडुकेश्वर (योगध्यान बदरी मंदिर) के लिए रवाना होंगी। वहीं, आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी और गरुड़ जी ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) स्थित श्री नृसिंह मंदिर पहुंचेंगी, जहां अगले छह महीनों तक श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल की पूजा-अर्चना कर सकेंगे। मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के मुताबिक, कपाट बंद होने के बाद अब राज्य सरकार और समिति शीतकालीन चारधाम यात्रा को बढ़ावा देने की तैयारियों में जुट गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *